सालानपुर थाना क्षेत्र में अवैध पत्थर खदान चलाने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक उपाध्यक्ष विजय सिंह उर्फ 'भोला सिंह' की गिरफ्तारी ने पूरे इलाके में राजनीतिक हलचल मचा दी है। पुलिस ने बीते गुरूवार देर रात बाराबनी विधानसभा के पांचगाछिया इलाके से भोला सिंह को गिरफ्तार किया और शुक्रवार को आसनसोल अदालत में पेश किया। अदालत ने सुनवाई के बाद आरोपी को 6 दिनों की पुलिस रिमांड में भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पत्थर खदान संचालन समेत तस्करी से जुड़े मामले में दर्ज कांड संख्या 115/26 दिनांक 07.06.2026 के आलोक में अन्य को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस हिरासत में लगातार पूछताछ की जा रही थी। वही उक्त मामले में भोला सिंह की गिरफ्तारी राजनीतिक है या मामले की जांच यह अभी चर्चा का विषय बना हुआ है। भोला सिंह को जब आसनसोल कोर्ट लाया गया, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अचानक कुछ लोगों ने उस पर अंडे फेंके और जमकर नारेबाजी की। पुलिसकर्मियों को भी अंडे लगे, जिससे कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई। अधिवक्ताओं ने इस घटना को अत्यंत चिंताजनक बताया है। अधिवक्ता सोमदीप्त रॉय ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा, "अदालत परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। आरोपी की सुरक्षा भी पुलिस के हाथ में है। यदि उसे कोई शारीरिक क्षति पहुँचती है, तो इसके लिए सीधे तौर पर पुलिस जिम्मेदार होगी। इस मामले में राजनीति तेज हो गई है। भाजपा नेता अभिजीत रॉय ने कहा कि भोला सिंह इलाके का कुख्यात माफिया रहा है। जनता का आक्रोश वर्षों के अत्याचार का परिणाम है। उन्होंने अंडे फेंकने की घटना को 'जनता का स्वाभाविक गुस्सा' बताते हुए कहा कि यह बंगाल की राजनीतिक संस्कृति में आए बदलाव का संकेत है। जोर देकर कहा कि भाजपा कानून और लोकतंत्र में विश्वास रखती है। आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय ने बोला सिंह की गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित बताया। कहा कि नई सरकार के आने के बाद चुन चुन कर टीएमसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुराने और झूठे मामलों में फंसाकर गिरफ्तार किया जा रहा है। यह सब एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति के तहत हो रहा है।
स्थानीय निवासी अधिरथ सूत्रधार ने गिरफ्तारी का स्वागत करते हुए कहा कि अपराधियों का जेल पहुंचना क्षेत्र की शांति के लिए जरूरी था। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे और भी अपराधी हैं, जिन्हें कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।
फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।