21 जून। कुमारधुबी चौक पर शनिवार की रात 11 बजे फर्जी लाटरी (डीयर) के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर दो गुटों में मारपीट हो गयी। अवैध लाटरी कारोबारी गूड्डू व पूर्व मुखिया के समर्थक आपस में भिड़ गये। सूचना पर कुमारधुबी व चिरकुंडा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। तबतक सभी भाग चुके थे। लेकिन मौके पर मौजूद पूर्व मुखिया को पुलिस ने पकड़ लिया और ओपी ले आयी। इस संबंध में किसी पक्ष के द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि अवैध लाटरी के कारोबार में वर्चस्व को लेकर कुछ दिनों से दोनों गुटों में तनाव चल रहा था। शनिवार की रात पूर्व मुखिया और गूड्डू में फोन पर एक दूसरे को देख लेने की बात हुई। गूड्डू ने मुखिया को मैथन संजय चौक व मुखिया ने गुड्डू को कुमारधुबी चौक आने की धमकी दी। ताव ताव में पूर्व मुखिया मैथन संजय चौक पहुंच गया। जहां मुखिया का कालर पकड़कर गूड्डू ने बदतमीजी की और हाथापाई की। मुखिया कुमारधुबी चौक चला आया। जहां उसका समर्थक पहले से ही मौजूद था। पीछे पीछे ताव में गूड्डू व उसके समर्थक भी आ गये और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गयी। बताया जाता है कि एक पक्ष ने लाटरी बेचने वाले एजेंटों का कमीशन कम कर दिया है। साथ ही इनाम में भी कटौती कर बेईमानी की जा रही थी। इसलिये दूसरा पक्ष मुखिया और उसके लोग सीधा धनबाद के सप्लायर से लाटरी लेने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ।